जीएसटी के सहायक आयुक्त की तहरीर पर चिलुआताल थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। लोटस वैली रिजाॅर्ट के संचालक अवधेश पांडेय और नईम अहमद के खिलाफ चिलुआताल थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सहायक आयुक्त, रेंज ए विनीत कुमार की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। इनके साथ तीन अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है। आरोप लगाया गया है कि शासन की तरफ से सर्च वारंट जारी होने पर विभागीय अधिकारियों के साथ रिजॉर्ट में छापा मारा गया था। जांच के दौरान मौके पर मिले प्रपत्रों के पंचनामे पर संचालक ने हस्ताक्षर नहीं किया और टायलेट जाने का बहाना कर मौके से फरार हो गए। इससे शासकीय काम पूर्ण होने में काफी विलंब हो गया।
तहरीर देकर आरोप लगाया कि 23 जनवरी को जीएसटी की टीम नकहा स्थित लोटस वैली रिजाॅर्ट में जांच के लिए पहुंची थी। उनके साथ विभाग के पांच अन्य अधिकारी भी थे। जांच में रिजाॅर्ट की बुकिंग, कैटरिंग, फर्म की ओर से किए गए जीएसटी भुगतान की जांच की गई। इसमें कुछ गड़बड़ी मिली। इसी आधार पर पत्रावलियों का पंचनामा तैयार कर मौके पर मौजूद लोगों का हस्ताक्षर लिया जा रहा था। मैनेजर महेंद्र मोहन लाल ने हस्ताक्षर कर दिया, लेकिन संचालक ने राजकीय कार्य में बाधा डालने की नियत से हस्ताक्षर नहीं किया।
अधिकारियों से टायलेट जाने की बात बोलते हुए परिसर से ही कहीं और चले गए। जांच प्रभावित करने के लिए परिसर की बिजली कटवा दी। विभाग के अधिकारियों द्वारा फोन पर संपर्क करने पर उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। पहले विभागीय कार्य में सहयोग नहीं दिया और फिर बयान जारी कर जीएसटी विभाग के अधिकारियों और राज्य सरकार की छवि धूमिल करने के लिए आरोप लगाने लगे। इससे सरकार के साथ विभागीय अधिकारियों की छवि धूमिल होने के साथ मानहानि भी हुई है।
इसी तहरीर के आधार पर गुलहरिया थाने में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अवधेश पांडेय ने 2018 विधानसभा चुनाव में शहर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी पर चुनाव लड़ने की तैयारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने से चुनाव नहीं लड़ सके। जीएसटी के अधिकारी ने थाने में तहरीर देने के साथ पूरे मामले की शिकायत मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है। इनसे भी मामले में जांच कर कार्रवाई करने की अनुरोध किया गया है।
मोहल्ले के लोगों ने मुख्यमंत्री से की शिकायत
मोहल्ले के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम से जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की है। आरोप लगाया है कि लोटस वैली रिजाॅर्ट मैरिज हाउस की तरफ से मुख्य मार्ग पर कब्जा कर लिया गया है। मैरिज हाउस की तरफ से परिसर के बाहर तीन जेनरेटर रख दिए गए हैं। इससे मोहल्लेवासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग के दौरान पूरे मार्ग पर अवरोध रहता है। इसके अलावा डीजे और शोरगुल से मोहल्ले वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। मांग करते हुए प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की गई है।