गोरखपुर। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए शनिवार को स्टेट रिव्यू मिशन की दो सदस्यीय टीम ने जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का सघन निरीक्षण किया। जांच अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार अपने सहयोगी अधिकारी के साथ सुबह करीब 10:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचे।
करीब ढाई घंटे तक चली जांच में नई व पुरानी ओपीडी, इमरजेंसी, मेल-फीमेल आर्थो वार्ड, सर्जरी व बर्न वार्ड का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा ब्लड बैंक, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और सीटी स्कैन कक्ष की व्यवस्थाओं को भी परखा गया। दोपहर करीब एक बजे टीम महिला अस्पताल पहुंची। यहां नई व पुरानी ओपीडी, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, एसएनसीयू वार्ड, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड कक्ष और ड्रग हाउस का निरीक्षण किया गया। करीब ढाई घंटे तक चली गहन पड़ताल के बाद टीम ने दोनों अस्पतालों के प्रमुख अधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरपी गौतम, चिकित्साधीक्षक डॉ. बीके सुमन, क्वालिटी मैनेजर डॉ. मुकुल द्विवेदी, महिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. जय कुमार और क्वालिटी मैनेजर डॉ. कमलेश आदि उपस्थित रहे।