गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में मंगलवार को स्मृति छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विधि एवं परास्नातक स्तर के 32 मेधावियों को कुल 3.20 लाख रुपये का चेक और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। सभी छात्रवृत्तियां छात्राओं को ही मिलीं। इनमें एक भी छात्र जगह नहीं बना सका।
सत्र 2025-26 के सर्वोच्च अंक पाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह समारोह आयोजित किया गया था। इसमें विभिन्न विषयों के लिए स्वामी शिवानंद मेमोरियल छात्रवृत्ति के तहत 6000, पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल छात्रवृत्ति 15000, प्रो. प्रभाशंकर पांडेय, छात्रवृति 15000, पुष्पा देवी मेमोरियल छात्रवृति 15000, सावित्री मेमोरियल छात्रवृत्ति 10,000 एवं शांति तिवारी मेमोरियल छात्रवृति 15000 रुपये का चेक प्रदान किया गया। गणित विभाग के परास्नातक दो सत्रों के टॉपर्स को 25-25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग समाज सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। समाज के सक्षम लोगों की ओर से विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग किए जाने से अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है। शिक्षा के लिए दिया गया सहयोग सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है।
प्रभारी डीएसडब्ल्यू प्रो. वीना बत्रा कुशवाहा ने स्वागत किया। संचालन डॉ. अखिल मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीष पांडेय ने किया। इस दौरान कुलसचिव धीरेंद्र श्रीवास्तव, वित्त अधिकारी जयमंगल राव, प्रो. सुनीता दुबे, प्रो. आरपी सिंह, प्रो. अजय सिंह, प्रो. उमेश नाथ त्रिपाठी, प्रो. विमलेश मिश्र, प्रो. सुधीर श्रीवास्तव, प्रो. संदीप कुमार, प्रो. अनुराग द्विवेदी, प्रो. पूजा सिंह, प्रो. अहमद नसीम आदि मौजूद रहे।