सिविल लाइन स्थित महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज से यूपी बोर्ड की परीक्षा देकर निकलतीं छात्राए
गोरखपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा का दूसरा दिन भी शांतिपूर्ण रहा। बृहस्पतिवार को प्रथम पाली में 84 व द्वितीय पाली में 183 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गईं। हाईस्कूल में 75 और इंटर की परीक्षा में 648 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे।
प्रथम पाली में हाईस्कूल कंप्यूटर और इंटरमीडिएट ट्रेड के विभिन्न विषयों की परीक्षाएं हुईं। इसी तरह द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट नागरिकशास्त्र व सिलाई विषय की परीक्षाएं संपन्न हुईं। हाईस्कूल में 3564 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 3489 उपस्थित और 75 अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट में 12,356 परीक्षार्थियों में से 11,708 उपस्थित और 648 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की ऑनलाइन मॉनिटरिंग राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज स्थित कंट्रोल रूम से की जा रही है। परीक्षा की शुचिता के लिए सभी केंद्रों पर केन्द्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, मंडलीय व जनपदीय सचल दलों ने विभिन्न केंद्रों पर जाकर निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम प्रभारी किरन कुमार आरेतो ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से हुई।