- नासिक में हड़ताल का दिखने लगा है असर
- थोक में 29 तो खुदरा में 40 रुपये किलो तक बिका प्याज
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नासिक के प्याज कारोबारियों की हड़ताल का असर महेवा मंडी में भी दिखने लगा है। पिछले दो दिनों में थोक मंडी में प्याज की कीमतों में चार रुपये प्रति किलो तक का उछाल आया है। व्यापारियों को उम्मीद है कि सरकार प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाएगी।
दरअसल, नासिक के कारोबारी केंद्र सरकार की दो एजेंसियों नाफेड और एनसीसीएफ से प्याज की खरीद के विरोध में अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। महेवा मंडी के थोक कारोबारी शम्स अहमद राइन ने बताया कि शनिवार को प्याज की कीमतों में दो रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्याज महेवा मंडी में 26 से 29 रुपये प्रति किलो की दर से बिका। वहीं खुदरा बाजार में प्याज 40 रुपये किलो तक बिका।
प्याज के व्यापारियों ने बताया कि महेवा मंडी में रोजाना छह से आठ गाड़ी प्याज नासिक और इंदौर से आती है। एक गाड़ी में करीब 20 टन प्याज होता है। महेवा मंडी में प्रतिदिन औसतन करीब 150 टन प्याज की खपत होती है। इसी तरह सहजनवां, बड़हलगंज, सोनबरसा, पीपीगंज की मंडियों में भी नासिक से एक से दो ट्रक प्याज आता है।
महेवा मंडी में इन दिनों इंदौर से प्याज की आपूर्ति हो रही है। लेकिन, नासिक से माल नहीं आने की वजह से दाम में चार रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। उधर, खुदरा बाजार में प्याज 40 रुपये किलो तक बिक रहा है। प्याज की कमी के बीच खुदरा बाजार में प्याज के भाव तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका असर ग्राहकों पर पड़ रहा है।