उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के दुबौलिया क्षेत्र के टकटकवा गांव के पास सरयू नदी में डोंगी नाव डूब जाने से करीब 50 वर्षीय राजमणि शुक्ल की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग तैरकर किसी तरह खुद को सुरक्षित बचा लिया।
लोगों की चींख पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे लेकिन वे उसे नहीं बचा सके। स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से निकाला गया।
बता दें कि बुधवार सुबह शुकुलपुरा गांव के चार लोग एक डोंगी (छोटी) नाव में सवार होकर दूसरे पार स्थित देवारागंग बरार गांव में अपनी खेती देखने गए। सरयू की मुख्यधारा पार करके जैसे ही नाव सोती में पहुंचकर अचानक पलट गई। जिसमें गांव के राजमणी शुक्ल डूब गए। जबकि गांव के जगदम्बा, राम बहादुर और अवधेश ने तैरकर जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दुबौलिया थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गौड़ पूरी टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने बताया कि नदी में नाव पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।