बस्ती जिले में बुधवार को एक और शख्स कोरोना संक्रमित पाया गया है। उसे रुधौली स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 238 हो गई है।
इधर बुधवार को रुधौली, मुंडेरवा व ओपेक चिकित्सालय कैली से आठ पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेजा गया। इन्हें घर में क्वारंटीन रहने की अनुमति दी गई है। ऐसे लोगों पर निगरानी समिति नजर रखेगी। अब तक जिले में दस की मौत हो चुकी है। 160 संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। इस प्रकार जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 68 हो गई है।
जिले में बाहर से मजदूरों का लौटना अब भी जारी है। अब तक करीब एक लाख श्रमिक दूसरे प्रांतों से आ चुके हैं। इनमें से अधिकांश की जांच के लिए एक-एक कर नमूना भेजा जा रहा है। अब तक करीब 6300 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। उनमें से 434 की रिपोर्ट का इंतजार है।
वहीं करीब 5875 की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें से 238 पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। बुधवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट में 4 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डीएम आशुतोष निरंजन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में स्थापित आइसोलेशन वार्ड, लेबल वन व लेबल-टू के अस्पतालों में बेहतर इलाज की व्यवस्था है। इसके चलते अब तक 131 कोरोना पॉजिटिव ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। जिले की स्थिति सामान्य है।