गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बाल सेवा संस्थान में भर्ती एक माह की बच्ची सोमवार को गायब हो गई। तबीयत में सुधार के बाद उसे फीडिंग के लिए मां को सौंपा गया था। दो घंटे बाद डॉक्टर पहुंचे तो मां-बच्ची दोनों नहीं मिलीं।
गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बाल सेवा संस्थान के एनआईसीयू में भर्ती एक माह की नवजात बच्ची सोमवार को गायब हो गई। बच्ची की तबीयत में सुधार होने के बाद उसे फीडिंग के लिए कंगारू मदर केयर वार्ड में मां को सौंपा गया था। करीब दो घंटे बाद डॉक्टर निरीक्षण करने पहुंचे तो मां और बच्ची दोनों गायब मिलीं। बाद में बच्ची के माता-पिता ने मेडिकल चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बच्ची की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, संतकबीरनगर जिले के बेलहरकला थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी राममनोहर की पत्नी रोशनी ने करीब एक माह पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन से बच्ची को जन्म दिया था। तबीयत खराब होने पर 15 अक्तूबर को बच्ची को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। बाल सेवा संस्थान के एनआईसीयू में 500 नंबर बेड पर उसका इलाज चल रहा था।
बच्ची की तबीयत में सुधार होने पर सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे उसे फीडिंग के लिए कंगारू मदर केयर वार्ड में मां को सौंपा गया। करीब दो घंटे बाद जूनियर डॉक्टर वार्ड में पहुंचे तो मां और बच्ची वहां नहीं मिलीं। बच्ची के पिता राममनोहर ने बताया कि घटना से पहले सुबह से ही उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह पत्नी की देखभाल के लिए आई अपनी साली को उसके घर छोड़ने गए थे। इस दौरान वार्ड में पत्नी बच्ची के साथ अकेली थी। दोपहर में उन्हें फोन से बच्ची के गायब होने की सूचना मिली।