फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

6 महीने में 1 लाख नौकरियां: CM योगी का ऐलान - बोले, पहले 'सैफई सिंडिकेट' नौकरी के नाम पर करता था वसूली

Thu, 17 Sep 2026 02:49 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर

सार

सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान में सरकार 1 करोड़ 10 लाख वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को 12 हजार रुपये सालाना पेंशन देती है। जल्द ही पेंशन की धनराशि और लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को बड़ा संबल दिया है।
विज्ञापन
उद्घाटन करते सीएम योगी - फोटो : स्त्रोत- सूचना विभाग
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। चुनाव की घोषणा से पहले, सरकार अगले छह माह में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है। सीएम ने बिना नाम लिए पूर्व की सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 के पहले सरकारी भर्ती निकलने पर सैफई सिंडिकेट वसूली करने निकल पड़ता था।

विज्ञापन

पर, आज उत्तर प्रदेश में नौजवानों को नौकरी की गारंटी है। मुख्यमंत्री, बुधवार को वार्ड नंबर 53, उर्वरक नगर के अंतर्गत जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम सहित 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

विकास व जनोपयोगी सुविधाओं के लिए कानून का राज जरूरी है। 2017 के बाद प्रदेश में विकास और जन कल्याण से सुरक्षा का बेहतरीन माहौल बना है। कर्फ्यू, दंगा, अराजकता और अव्यवस्था से मुक्त इस प्रदेश को अब कानून के राज के लिए जाना जाता है।

यहां माफिया या तो जेल में है या फिर दूसरे लोक की यात्रा में जा चुका है। ऐसे में समाज को बांटने वालों से सावधान रहना होगा। विकास समाज की एकजुटता का परिणाम है। यदि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बटेंगे तो बांटने वाले फिर कर्फ्यू, दंगे का माहौल बनाएंगे।

पौधरोपण करते सीएम योगी - फोटो : स्त्रोत- सूचना विभाग
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को बांटने वालों की फितरत ही यही है कि उन्हें जब भी मौका मिला तो उन्होंने अराजकता फैलाई। 2017 के पूर्व गोरखपुर की गंदगी और बीमारी सपा और कांग्रेस सरकारों की गंदी मानसिकता का परिणाम थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शानदार वर्तमान और बेहतरीन भविष्य के लिए डबल इंजन सरकार ही जरूरी है। यूपी में हर व्यक्ति के लिए सुरक्षा तथा पर्व-त्योहारों के लिए बेहतरीन वातावरण की गारंटी है।

बढ़ेगी पेंशन की धनराशि, संख्या भी बढ़ेगी
सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान में सरकार 1 करोड़ 10 लाख वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को 12 हजार रुपये सालाना पेंशन देती है। जल्द ही पेंशन की धनराशि और लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को बड़ा संबल दिया है।

यूपी अब बीमारू नहीं, देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री ने सुदृढ़ हुई कानून व्यवस्था के चलते हुए विकास और इससे आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है। अब यह देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले यहां खराब कानून व्यवस्था, लूट-खसोट, अराजकता के कारण कोई बाहरी व्यक्ति यूपी में काम नहीं करना चाहता था।

जबकि आज यहां आने को हर कोई लालायित है। उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेज अर्थव्यवस्था में से एक है। यह मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कल-कारखानों की नई शृंखला और सुदृढ़ कनेक्टिविटी के लिए जाना जा रहा है।

बिना भेदभाव मिल रहा शासन की योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिना भेदभाव सबको शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हर पात्र को आवास, शौचालय, राशन, रसोई गैस, बेटियों की पढ़ाई और विवाह से जुड़ी योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि योजनाओं में यदि किसी कारण से कोई वंचित रह गया है तो उसे भी संतृप्त करने के लिए एक सप्ताह का विशेष शिविर लगने जा रहा है।

यह शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्तूबर से लगेगा।

सीएम योगी ने लोकार्पण के बाद ग्रुप में फोटो खिंचवाई - फोटो : स्त्रोत- सूचना विभाग
सीएम योगी की दूरदर्शिता का परिचायक है कल्याण मंडपम : डॉ. मंगलेश
मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि कल्याण मंडपम आमजन को उत्कृष्ट सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का परिचायक है। एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि 2017 के पहले पिछड़े व बीमारू राज्य की पहचान वाले उत्तर प्रदेश को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास के बेहतरीन मॉडल के रूप में निखार दिया है।

इस अवसर पर विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, दुर्गेश बजाज, बीरू साहनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने किया मंडपम का भ्रमण
मंचीय कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर कल्याण मंडपम का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मंडपम का भ्रमण और निरीक्षण कर यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की जानकारी ली।

जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने उन्हें मंडपम की विशेषताओं की विस्तार से जानकारी दी। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम के परिसर में मौलश्री का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।

सीएम योगी - फोटो : स्त्रोत-सूचना विभाग
300 लोगों की क्षमता का है कल्याण मंडपम
जंगल नकहा नंबर-2 स्थित कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर 3.09 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित कल्याण मंडपम दो तल में निर्मित है। यहां 300 लोगों की क्षमता के आयोजन हो सकेंगे। यहां हाल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए गए हैं।

परिसर में मुख्य भवन के सामने एक आकर्षक फव्वारा भी बनवाया गया है। कल्याण मंडपम आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर ही इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर अलग से पर्याप्त पार्किंग का प्रावधान किया गया है। परिसर में लॉन भी विकसित किया गया है। कल्याण मंडपम में लोगों को रियायती दर पर मांगलिक-सार्वजनिक कार्यक्रम करने की सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन

कल्याण मंडपम में घूमते सीएम योगी - फोटो : स्त्रोत- सूचना विभाग
नगर निगम के 115 विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास
जंगल नकहा नंबर-2 स्थित कल्याण मंडपम में मुख्यमंत्री ने 28.91 करोड़ रुपये की लागत वाले नगर निगम के 115 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ये कार्य विभिन्न कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित हैं।

उन्होंने 11.04 करोड़ रुपये से अधिक के जिन चार कार्यों का लोकार्पण किया उनमें जीडीए की तरफ से बनाए गए कल्याण मंडपम के अलावा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से कराए गए सड़क-नाली निर्माण के तीन कार्य शामिल हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें