संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल क्षेत्र के करमैनी राप्ती घाट पर दाह संस्कार करा कर वापस लौट रहे ट्रैक्टर- ट्राली बीएमसीटी मार्ग के कौवाठोर गांव के समीप अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया। एक ट्रैक्टर में दो ट्राली लगा था। दोनों ट्रालियों में सवार 27 लोग पानी में गिर गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने अथक प्रयास कर 26 को बाहर निकाला। जबकि एक 55 वर्षीय व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के फरदहां गांव के 70 वर्षीय प्रभावती पत्नी अयोध्याशरण की बीती रात मौत हो गई थी। जिसका दाह संस्कार कराने के लिए गांव के लोग शव को लेकर मंगलवार को करमैनी घाट गए थे। दाह संस्कार करा कर वापस लौट रहे थे कि ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर कौवाठोर के समीप स्थित सड़क के किनारे तालबा में गिर गया।
जिससे ट्राली में सवार 27 लोग तालाब में गिर गए। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, वहीं पुलिस प्रशासन भी पहुंच गया। ग्रामीणों व पुलिस प्रशासन के संयुक्त अभियान में 25 लोगों को तालाब से सकुशल बाहर निकाला गया। जबकि तालाब में डूबने से 55 वर्षीय हंशराज पुत्र पाटन मौर्य की मौत हो गई।