बस्ती जिले के फोरलेन पर परशुरामपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव के सामने सोमवार देर शाम भैंस बांधने रहे पशुपालक को बेकाबू ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। जिससे 65 वर्षीय रामस्वारथ गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनकी बाद में मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक केशवपुर निवासी राम स्वारथ अपने घर के सामने खूंटे में भैस बांधने जा रहे थे। अचानक भैस बिदक कर हाइवे की तरफ भागी। उसे पकड़ने दौड़े रामस्वारथ को अयोध्या की तरफ से आ रहे तेज गति ट्रेलर ने चपेट में ले लिया।
गंभीर रूप से घायल होने पर पुलिस की मदद से उन्हें निकट के अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक ने गाड़ी रोक दी और मौके पर जुटी भीड़ के साथ घायल की सहायता करने लगा।
इसी दौरान सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी घघौवा मनीष जायसवाल ने परिजनों को सूचित कर ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया और स्थानीय लोगों की मदद से घायल हो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत भेज दिया। जहां से उसे चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय अयोध्या रेफर कर दिया।
एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रामस्वारथ की मौत हो गई। चौकी प्रभारी मनीष जायसवाल ने बताया कि शव को पीएम की कार्यवाही कराई जा रही है। ट्रेलर और उसके चालक अशरफ खान निवासी खालसा नगर थाना रामगढ़ जिला अलवर राजस्थान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।