कुशीनगर में कोरोना संक्रमण की लगातार जांच होने के चलते संक्रमण दर में तो गिरावट आई है लेकिन मौत का आंकड़ा नहीं रुक रहा है। बुधवार को भी एक संक्रमित की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा 29 नए लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 4955 हो गई है। इनमें से 50 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 4668 लोग बीमारी को हराकर स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब भी 237 एक्टिव केस हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आरटीपीसीआर व एंटीजन किट से मिलाकर 2234 लोगों की जांच हुई। जिले में अब तक 145011 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। बुधवार की शाम चार बजे तक 1854 लोगों की जांच रिपोर्ट मिली है जिनमें से 1825 लोग निगेटिव व 29 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
इनमें से मोतीचक क्षेत्र में तीन, फाजिलनगर में पांच, नेबुआ नौरंगिया में दो, खड्डा में दो, दुदही में दो, कप्तानगंज में दो, कसया में एक, पडरौना में एक, रामकोला में एक, तमकुही में दो व हाटा क्षेत्र में दो मरीज हैं। इसके अलावा पटहेरवा थाना क्षेत्र के 65 वर्षीय बुजुर्ग की संक्रमण के चलते मौत हो गई। बुधवार को 13 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। इसके बाद कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 4668 हो गई है।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की दर में गिरावट आई है। जिले में कुल संक्रमण दर अब 4.17 प्रतिशत हो गई है जबकि ठीक होने वालों का प्रतिशत 94.20 प्रतिशत हो गया है। मृत्यु दर भी 0.98 प्रतिशत ही है। परंतु इससे लोगों को लापरवाही होने की जरूरत नहीं है। जब तक एक भी संक्रमित व्यक्ति बचा है, तब तक संक्रमण रोकने के लिए हर संभव उपाय करते रहना जरूरी है।