अभ्यर्थी की मौत के बाद विपाल करते साथी
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर में पीएसी कंपाउंड में जेल वार्डर भर्ती की दौड़ परीक्षा में सोमवार को एक युवक की मौत हो गई जबकि एक गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच किलोमीटर की दौड़ के लिए ग्रांडन में बनाए गए सर्किल का 12 चक्कर लगाने थे लेकिन 11वें चक्कर में ही दोनों युवक मैदान में गश खाकर गिर गए।
एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले आया गया जहां एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर है। मरने वाले युवक की पहचान पीपीगंज के भगवानपुर निवासी गणेश निषाद और गंभीर रूप से बीमार की बस्ती के वाल्टरगंज निवासी रजनीश चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जेल वार्डर, घुड़सवार पुलिस और फायर सिपाही की भर्ती के लिए जनवरी में लिखित परीक्षा हुई थी। परीक्षा में पास अभ्यर्थियों का 16 मार्च को दस्तावेजों का सत्यापन पुलिस लाइंस हुआ फिर 22 मार्च से 26वीं वाहिनी पीएसी में दौड़ की परीक्षा शुरू हुई है।
दौड़ परीक्षा के नोडल अधिकारी पीएसी कमांडेंट कुंतल किशोर ने बताया कि दौड़ के लिए 500 अभ्यर्थी आए थे। 4.8 किलोमीटर की दौड़ पास करने के लिए मैदान में अभ्यर्थियों को एक सर्किल (400 मीटर) का 12 चक्कर लगाना था। 11वें चक्कर में गणेश तथा रजनीश चौधरी चक्कर खाकर गिर गए।