गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद के पास पांडेय कॉलोनी स्थित शकुंतला निवास में हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और 1160 रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के मझौलीराज गांव निवासी अबरार अली की पत्नी मैमून निशा के रूप में हुई है। बेलघाट थाना क्षेत्र के डकई गांव निवासी सूरज पांडेय और उनके भाई विपुल पांडेय के शकुंतला निवास में शनिवार रात चोरों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के समय परिवार छठ पर्व मनाने गांव गया हुआ था। रविवार सुबह घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
चोर घर की अलमारी और लॉकर से करीब 15 लाख रुपये नकद और 400 ग्राम सोने के जेवर उठा ले गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में मैमून निशा को गिरफ्तार कर उसके पास से सोने की चेन, अंगूठी, टॉप्स, मंगलसूत्र, कर्णफूल और चांदी के सामान के साथ 1160 रुपये बरामद किए गए।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर चोरी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और शेष सामान के बारे में जानकारी जुटा रही है। मुख्य आरोपी की तलाश भी जारी है।