सरदारनगर। पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर चौरीचौरा पुलिस ने पांच नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में उसका एक दांत टूट गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के बिलारी पंडित टोला निवासी अजय यादव के मुताबिक, सात जून 2026 की सुबह करीब 10 बजे गांव के शंभू, भिखारी, रामचरन, बिंदजी, राजकुमार उर्फ लाली और बिलारी मठिया निवासी मनोज यादव लाठी-डंडे और कुदाल लेकर उसके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसके पेड़-पौधों को कुदाल से काटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसे दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह घर में घुसा तो आरोपी भी घर में घुस गए और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। इससे उसके सीने और मुंह में चोटें आईं और एक दांत टूट गया।
पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उसने घटना के दिन ही चौरीचौरा थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 18 जुलाई को एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा। वहां से भी न्याय नहीं मिलने पर उसने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उल्टे उसके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।