गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे ने स्क्रैप निस्तारण के जरिये चालू वित्त वर्ष 2026-27 में जुलाई तक 84.50 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। अकेले जुलाई महीने में ही स्क्रैप बेचकर रेलवे को 26.99 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, मिशन जीरो स्क्रैप के तहत रेल परिसरों, रेल लाइनों के किनारे पड़ी अनुपयोगी सामग्री, निष्प्रयोज्य सामान की पहचान कर उनका निस्तारण किया जा रहा है। इससे एक ओर रेलवे की आय बढ़ रही है तो दूसरी ओर स्टेशन परिसर और रेल पटरियों के आसपास सफाई व्यवस्था भी बेहतर हो रही है।
रेलवे का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे अभियान से रेल परिसरों को साफ-सुथरा रखने में मदद मिल रही है। साथ ही अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। रेलवे प्रशासन आगे भी इस अभियान को लगातार जारी रखेगा।