गोरखपुर। होली पर्व पर दो दिन की छुट्टी के बाद वृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुली तो दिखाने वाले मरीजों की भीड़ जुटी रही। जनरल के अलावा अन्य विभाग की ओपीडी में लगभग 1200 मरीज परामर्श के लिए पहुंचे।
त्वचा रोग विभाग में नौ ऐसे मरीज आए जिनके शरीर पर होली के दिन रंगो के प्रयोग से लाल दाने या एलर्जी की शिकायत थी। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार ऐसे मरीजों की संख्या कम रही। राप्तीनगर निवासी संतोष ने बताया कि होली खेलने के बाद शरीर पर खुजली और लाल दाने निकल आए, जिसके बाद वह अस्पताल की ओपीडी में दिखाने पहुंचे।
नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में तीन मरीज आंख में रंग लगने से इंफेक्शन की शिकायत लेकर पहुंचे थे। जंगल सिकरी खोराबार की रहने वाली रागिनी ने बताया कि होली खेलते समय अचानक आंख में रंग चला गया, जिसके बाद आंखों में जलन और लाली बढ़ गई, इसलिए डॉक्टर को दिखाने आए हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान इमरजेंसी वार्ड में ऐसे 64 मरीज ऐसे पहुंचे, जो विभिन्न स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में घायल हो गए थे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज जारी है। होली के पर्व को देखते हुए पहले से ही शासन के निर्देश पर 20 विशेष वार्ड तैयार किए गए थे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार दिया जा सके। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मरीजों की निगरानी में लगी रही।