एमपी इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकलते अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा में तीसरे दिन रविवार को 11,967 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर सुबह आठ बजे से ही पुलिस परीक्षा केंद्र के बाहर मुस्तैद हो गई। एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई व सीओ कैंट अंशिका वर्मा दिनभर परीक्षा केंद्र का दौरा करने के साथ ही व्यवस्था की जानकारी लेते रहे।
कंट्रोल रूम से भी से भी पल-पल की खबर ली जा रही थी। वहीं देहात क्षेत्र में एसपी दक्षिणी जितेंद्र तोमर और एसपी उत्तरी जितेंद्र श्रीवास्तव केंद्र पर जाकर जायजा लेते रहे।
जिले में 55 केंद्रों पर हो रही परीक्षा में तीसरे दिन दिन 49152 महिला व पुरुष अभ्यर्थियों को प्रतिभाग करना था। दोनों पालियों में कुल 37185 अभ्यर्थी ही पहुंचे। सुरक्षा जांच के लिए सभी केंद्रों पर दो घंटे पहले ही जमावड़ा लग गया था। गेट पर प्रवेश पत्र व दस्तावेज की जांच के बाद बायोमीट्रिक कराकर अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया।
सभी परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहां से कक्ष में बैठे अभ्यर्थियों के साथ ही निरीक्षक की भी निगरानी की जा रही थी। दोपहर 12 बजे पहली पाली की परीक्षा खत्म होने और अपराह्न तीन बजे से शुरू होने वाली दूसरी पाली की परीक्षा देने अभ्यर्थी केंद्र पर पहुंचे तो शहर के अधिकांश चौराहों पर थोड़ी देर के लिए भीड़ लग गई।
यातायात पुलिस की मुस्तैदी से एक घंटे के भीतर स्थिति सामान्य हो गई। रेलवे स्टेशन और बस अड्डा पर सुबह से देर रात तक अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी रही।