गोरखपुर। नगर निगम का पुराना भवन विरासत भवन बनेगा। इसके वर्तमान स्वरूप को बनाए रखते हुए नगर निगम ने नए सिरे से सुंदरीकरण की योजना बनाई है। इस भवन में एक संग्रहालय भी बनाया जाएगा, जिसमें इस भवन और शहर से जुड़े प्रमाणिक इतिहास को संरक्षित किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि आने वाली पीढ़ी अपने शहर के पुरातन इतिहास को जान व समझ सके।
नगर निगम का पुराना भवन गोरखपुरवासियों के लिए एक विरासत है। 124 साल पुराने इस भवन को अमन-ओ-अमन के नाम से जाना जाता है। इतना पुराना भवन होने के बाद भी इसकी मजबूती बेमिसाल है। इस भवन का जीर्णोद्धार ऐसे किया जाएगा ताकि इसका पुराना स्वरूप खत्म न हो। निगम ने 7.5 करोड़ रुपये से इसके जीर्णोद्धार की योजना बनाई है। इसके लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जा रही है। इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।
मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि पुराने भवन के जीर्णोद्धार में इस बात का खास ध्यान रखा जाएगा कि इसका पुराना स्वरूप खराब न हो। इस पूरे भवन को हेरिटेज के रूप में संरक्षित किया जाएगा। भवन के एक तरफ संग्रहालय बनाने की योजना है। इसके अलावा पूरे भवन का सुंदरीकरण भी करने की योजना है। बजट स्वीकृत होने के बाद टेंडर फाइनल होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।
75 लाख से बनेगा संग्रहालय
पुराने भवन के सदन हॉल में बनने वाले संग्रहालय पर 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्य अभियंता ने बताया कि संग्रहालय के लिए निगम ने डीपीआर बनाने के साथ ही इसकी डिजाइन भी बना ली है। संग्रहालय को समृद्ध बनाने के लिए महानगरवासियों से निगम से जुड़े ऐतिहासिक महत्व के दस्तावेज मांगे जाएंगे। कहा कि अगर किसी के पास नगर निगम के संग्रहालय में रखने योग्य नगर निगम के ऐतिहासिक महत्व के दस्तावेज, वस्तुएं आदि हों, तो नगर निगम के निर्माण विभाग से संपर्क कर सकते हैं।