गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में सत्र 2025-26 की सेमेस्टर परीक्षाएं छह अप्रैल से प्रस्तावित हैं। इन परीक्षाओं के लिए अनंतिम रूप से कुल 236 केंद्र बनाए गए हैं। सभी कॉलेजों से आपत्तियां मांगी गई हैं। डीडीयू प्रशासन अगले हफ्ते केंद्रों की अंतिम सूची जारी करेगा।
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 13 मार्च को परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति का गठन किया था। समिति की संस्तुतियों के आधार पर केंद्रों का निर्धारण किया गया है। सभी केंद्रों की सूची 18 मार्च की रात विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
डीडीयू प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी कॉलेज को कोई आपत्ति हो तो वह 20 मार्च की शाम पांच बजे तक लिखित रूप से दर्ज करा सकता है। उसके बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
डीडीयू प्रशासन के मुताबिक, अनंतिम सूची में गोरखपुर जनपद मेें विश्वविद्यालय समेत कुल 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसी तरह देवरिया में 83 और कुशीनगर में 61 केंद्र बनाए गए हैं।
बोलीं कुलपति
इस संबंध में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि केंद्रों की अनंतिम सूची जारी कर आपत्तियां मांगी गई हैं। अगले हफ्ते केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। पीजी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं छह अप्रैल से प्रस्तावित हैं। उसी के साथ प्राइवेट समेत वार्षिक आधार पर होने वाली परीक्षाएं भी शुरू होंगी।