जीडीए रामगढ़ताल में तीन से चार हाउस बोट उतारने की तैयारी में
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। श्रीनगर की डल झील और नैनीताल की तरह जल्द ही अब रामगढ़ताल में भी लोग हाउस बोट में रात गुजार सकेंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जीडीए रामगढ़ताल में हाउस बोट उतारने की तैयारी में जुट गया है। इस बोट में होटल की तरह कमरे में ठहर कर लोग रात गुजार सकेंगे। इसे लेकर प्रथम चरण में तीन या चार हाउस बोट उतारने की तैयारी चल रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में गेटवे सिटी के रूप में विकसित करने को कहा है। इसके दृष्टिगत जीडीए होटल, आवागमन समेत अन्य सुविधाओं की संभावना तलाशने में जुटा है। इसी कड़ी में पर्यटकों को रिझाने के लिए रामगढ़ताल में हाउस बोट उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। हाउस बोट में होटल की सारी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कमरे में ठहरने के साथ खाने-पीने का भी बंदोबस्त किया जाएगा।
यह हाउस बोट दूर-दराज से आकर होटल में ठहरने वालों के लिए एक नए अनुभव के रूप में होगा। उत्तर प्रदेश में किसी अन्य शहर के नदी और झील में अभी तक यह व्यवस्था नहीं शुरू की गई है। जीडीए के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम रामगढ़ताल में हाउस बोट उतारने के लिए स्थान की तलाश शुरू कर दी है।
-
मोहद्दीपुर-पैडलेगंज बाईपास सड़क पर तलाशी जा रही संभावना
जीडीए निर्माणाधीन मोहद्दीपुर-पैडलेगंज टू-लेन सड़क से सटे रामगढ़ताल में हाउस बोट को उतारने की संभावना को तलाश रहा है। यह स्थान रेलवे और बस स्टेशन के अलावा शहर से सटा हुआ है। जहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। रात में ठहरने के बाद कम समय में पर्यटक साधन से अन्यत्र जा सकेंगे।
-
नौकायन की भीड़ को बांटने में मिलेगी मदद
रामगढ़ताल आने वाले लोगों की भीड़ नौकायन पर ही जुटती है। नौकायन पर 100 से 200 मीटर के क्षेत्र में पर्यटकों की भीड़ लगी रहने से कभी-कभी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उस भीड़ काे बांटने के लिए रामगढ़ताल के अन्य क्षेत्र को भी विकसित करने का निर्णय लिया गया है। शहर से सटे मोहद्दीपुर-पैडलेगंज निर्माणाधीन सड़क को जीडिए ने विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सड़क से रामगढ़ताल की तरफ स्लैब व उसपर सीढ़ी बना प्लेटफार्म बनाया जाएगा। वहीं इस सड़क पर जेट्टी के निर्माण की संभावना की भी तलाश की जा रही है।
कोट...
गोरखपुर में गेटवे सिटी के रूप में विकसित करने के लिए संभावना तलाशी जा रही है। इसके तहत रामगढ़ताल में हाउस बोट उतारने का निर्णय लिया गया है। जिसमें पर्यटक रात गुजार सकेंगे। इसे शहर के करीब मोहद्दीपुर-पैडलेगंज बाईपास रोड के समीप उतारा जा सकता है।
- आनंद वर्द्धन, उपाध्यक्ष जीडीए