गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे व विजुअल साइन बोर्ड लगाने के लिए सर्वे शुरू
गोरखपुर से अयोध्या तक यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने का कार्य शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरक्षनगरी से रामनगरी तक हाईवे अब तीसरी आंख (सीसीटीवी कैमरे) की नजर में रहेगा। इसके लिए सर्वे शुरू हो गया है। ये कैमरे लग जाएंगे तो गुजरने वाले वाहनों के फोटो के साथ वीडियो भी एनएचएआई कार्यालय में सुरक्षित रहेगा। इससे यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। गोरखपुर में सबसे पहले लखनऊ हाईवे पर कवायद शुरू हुई है, इसके बाद अन्य हाईवे पर भी ये कार्य किए जाएंगे।
एनएचएआई ने गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे और विजुअल साइन बोर्ड लगाने के लिए सर्वे शुरू कराया है। पहले चरण में गोरखपुर से अयोध्या तक सीसीटीवी कैमरे और बोर्ड लगाने की योजना है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। गोरखपुर में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इस कारण गोरक्षनगरी से रामनगरी तक 137 किमी सड़क मार्ग की यात्रा को और बेहतर बनाने की पहल की जा रही है।
सर्वे रिपोर्ट में पता चलेगा कि कितने कैमरे लगाने होंगे और कितना खर्च आएगा। इसके बाद कैमरे लगाकर हादसों पर नियंत्रण करने का कार्य किया जाएगा।
विजुअल साइन बोर्ड से मिलेगी मदद
हाईवे पर जगह-जगह विजुअल साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। वाहन चालकों को बोर्ड से जानकारी मिलेगी कि कौन सी सतर्कता बरतनी है। इस बोर्ड के जरिए चालकों को बारिश, कोहरा, आंधी-तूफान या ओले गिरने की चेतावनी देकर सतर्क किया जा सकेगा।
हाईस्पीड पर होगा चालान
सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के बाद निर्धारित मानक से अधिक गति से चलने वाले वाहनों की रिपोर्ट तैयार होगी और ऑनलाइन माध्यम से ही उनका चालान हो जाएगा। ऐसी कार्रवाई से लोग मानकों पर ध्यान देंगे। इससे हादसों में कमी आएगी।
अवैध कट पर लगाम..हादसों के साक्ष्य मिलेंगे
सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से हाईवे पर अवैध कट बनाने वाले कैमरे में कैद हो जाएंगे और उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने के मामले में कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी। इसके साथ ही यह पता चलेगा कि अवैध कट से हर दिन कितने लोग सड़क के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। साथ ही कोई हादसा होने पर वीडियो के माध्यम से पता चल जाएगा कि गलती किसकी थी। इसके साथ ही साक्ष्य के आधार पर न्याय में मदद मिलेगी।
वर्जन
गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे और विजुअल साइन बोर्ड लगाने के लिए सर्वे शुरू कराया गया है। पहले चरण में गोरखपुर से अयोध्या तक ये कार्य किए जाएंगे। इससे हादसे रोकने में मदद मिलेगी।
-ललित प्रताप पाल, पीडी, एनएचएआई गोरखपुर