ट्रेनों की भीड़ देखते हुए इंटरलाकिंग के लिए बढ़ाया गया समय
इसके बाद गोरखपुर से कैंट के बीच बिछाई जाएगी तीसरी लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। डोमिनगढ़ से गोरखपुर स्टेशन के बीच बिछाई गई तीसरी लाइन के इंटरलाकिंग का कार्य अब जून के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा। इसी के साथ कुसम्ही से सरदारनगर के बीच लगे ऑटो ब्लॉक सिग्नल सिस्टम के लिए भी इंटरलाकिंग होगी। पहले ये दोनों ही कार्य मई में होने वाले थे, लेकिन ट्रेनों की संख्या और यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अभी ब्लॉक नहीं मिल पाया है।
गोरखपुर स्टेशन से हर दिन करीब 130 ट्रेनें गुजरती हैं। इसके चलते कई बार प्लेटफार्म पर लाइन क्लीयर नहीं मिलने से ट्रेनों को आउटर पर ही खड़ा करना पड़ता है। इससे निपटने के लिए डोमिनगढ़ से कुसम्ही तक तीसरी लाइन बिछाई जा रही है। पिछले साल सितंबर में कुसम्ही से कैंट के बीच तीसरी लाइन की इंटरलाकिंग कराई गई थी। इसके बाद से डोमिनगढ़ से गोरखपुर और गोरखपुर से कैंट के बीच यह तीसरी लाइन बननी है।
इसमें से डोमिनगढ़ से गोरखपुर के बीच भी तीसरी लाइन बिछ गई है, केवल इंटरलाकिंग का कार्य बाकी है। इसकी इंटरलाकिंग इसी मई में कराने की तैयारी थी। लेकिन गोरखपुर होकर नियमित ट्रेनों के अलावा करीब 40 समर स्पेशल भी चल रही हैं। इस वजह से ट्रैक पर दबाव अधिक है। इसको ध्यान में रखते हुए इंटरलाकिंग का कार्य अब जून के दूसरे सप्ताह में कराया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद फिर कैंट और गोरखपुर के बीच तीसरी लाइन बिछाने का काम होगा।