कोहरे में रात में यात्रियों को प्लेटफार्म से गिरने से बचाने की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्मों पर अब दो रंगों की पट्टियां देखने को मिलेंगी। प्लेटफाॅर्म के किनारे पहले से बनी काली पट्टी के साथ अब पीली पट्टियां भी बनाई जा रही है। रात में पीली पट्टी दूर से ही दिखेगी और कोहरे में रेलवे ट्रैक की ओर यात्री नहीं बढ़ेंगे।
स्टेशन निदेशक रतनदीप गुप्ता ने बताया कि प्लेटफार्म के किनारे बनाई जा रही पीली पट्टियां दृश्यता बढ़ाने के लिए हैं, ताकि कम रोशनी या अधिक भीड़ के दौरान भी यात्रियों को प्लेटफाॅर्म का किनारा साफ दिखाई दे। इससे चलते समय या ट्रेन का इंतजार करते हुए यात्रियों के प्लेटफाॅर्म से फिसलने या गिरने जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी। उन्होंने बताया कि प्लेटफार्म पर पहले से मौजूद काली पट्टी का भी विशेष महत्व है। जब ट्रेन प्लेटफार्म पर प्रवेश करती है, उस समय यात्रियों को काली पट्टी के पीछे खड़े रहने की सलाह दी जाती है, ताकि चलती या आती हुई ट्रेन से टकराने की आशंका न रहे। यह पट्टी यात्रियों और ट्रेन के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मदद करती है।