अब रेलवे स्टेशनों पर एक जैसे होंगे संकेतांक, भ्रमित नहीं होंगे यात्री
गोरखपुर, लखनऊ, छपरा समेत 50 अमृत भारत स्टेशनों पर लगाए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे स्टेशनों पर एक जैसे संकेतांक लगाए जाएंगे। संकेतांक के रंग एवं फांट साइज में भी समानता होगी, ताकि लोग भ्रमित नहीं हो पाएं। पूर्वोत्तर रेलवे में गोरखपुर, लखनऊ व छपरा स्टेशनों के साथ ही 50 अमृत भारत स्टेशनों पर संकेतांक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रेलवे ने एयरपोर्ट और मेट्रो की तर्ज पर अब सभी संकेतांक को लगाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में दिशा निर्देश भी मिल चुका है। मसलन, प्लेटफॉर्म, शौचालय, वेटिंग हाल, कार पार्किंग, वाटर कूलर, व्हील चेयर आदि सभी के संकेतांक एक समान दिखेंगे। संकेतकों का मानक तय कर दिया गया है। रेलमंत्री द्वारा एक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया है जिसमें सरल भाषा, स्पष्ट फांट, आसानी से दिखने वाले रंगों एवं सहज चित्रलेखों को प्राथमिकता दी गई है। संकेतांकों को बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों समेत सभी यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
-
कोट
रेलवे स्टेशनों पर लगने वाले साइनेज में समरूपता लाने के लिए रेल मंत्री द्वारा स्टैंडर्ड साइनेज संबंधी एक बुकलेट जारी की गई है। सभी स्टेशनों पर एक प्रकार के संकेतक लगने से यात्रियों को स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाएं और संबंधित दिशा की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे