बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जल्द ही 24 घंटे में एक हजार कोरोना पीड़ितों के नमूनों की जांच हो सकेगी। इसके लिए बीआरडी में जल्द ही बीएसएल- थ्री (बायो सैफ्टी लैब) लैब की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री की पहल पर लैब के लिए मंजूरी मिल गई है। एलएनटी कंपनी लैब का निर्माण करेगी। यहां कोरोना के अलावा इंसेफेलाइटिस, चिकनगुनिया जैसी बीमारी की जांच भी होगी।
बीआरडी के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि सीएम ने एलएनटी कंपनी को जल्द से जल्द लैब बनाने का निर्देश कंपनी दिया है। कोबास मशीन से कोरोना के साथ ही चिकनगुनिया, इंसेफेलाइटिस, डेंगू सहित अन्य बीमारियों की भी जांच हो सकेगी। साथ इन बीमारियों पर रिसर्च भी किया जा सकेगा। मशीन के लिए ऑर्डर दे दिया गया है। लैब पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
बीएसएल लैब में ये सुविधाएं
बीएसएल लैब में फिल्टर होने के बाद ही हवा का आवागमन होगा। इससे संक्रमण का खतरा बेहद कम रहता है। हर जांच के लिए अलग-अलग क्यूब बने होते हैं, जो पूरी तरह से एयरप्रूफ होते हैं। विशेष पीपीई किट, ग्लब्स, फेस मास्क पहनकर ही लैब में इंट्री होगी।