आने वाले कुछ वर्षों में बदल जाएगा माहौल
गीडा के एसडीएम अभिषेक मिश्रा बताते हैं कि प्रशासन लिंक एक्सप्रेसवे और धुरियापार में औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए जमीन अधिग्रहित कर रहा है। दिल्ली-मुंबई से काफी सस्ते मूल्य में यहां जमीन उपलब्ध होगी। कई बड़े उद्यमियों से बातचीत हो रही है। उनमें से अगर तीन-चार ने भी यहां अपना उद्योग स्थापित कर दिया तो आने वाले समय में यह इलाका पूरी तरह से बदल जाएगा। गीडा के स्थापना दिवस पर इसी को ध्यान में रखते हुए 18 बड़े निवेशकों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक होनी है। इन निवेशकों को गीडा के अधिग्रहित क्षेत्र में जमीनों की उपलब्धता दिखाने की भी योजना है।
बोले उद्यमी
हमारी उत्तराखंड में प्लाई बोर्ड की फैक्टरी है। अब प्लास्टिक की नई फैक्टरी गीडा में लगाने जा रहा हूं। यहां जमीन, कारीगर व मजदूर अन्य औद्योगिक शहरों की अपेक्षा कम रेट में उपलब्ध हैं। मूलभूत सुविधाएं बढ़ी हैं। आवागमन के साधन बेहतर होने के चलते यहां से माल दूसरी जगह भेजना आसान है।- विनय अग्रवाल, उद्यमी
दिल्ली-मुंबई में फैक्टरी लगाने के लिए जमीन खरीदना काफी महंगा और मुश्किल काम है। प्रदूषण और जाम की समस्या के अलावा तैयार माल को वहां से बाजार भेजना भी महंगा पड़ता है, जिससे उत्पाद की कीमत बढ़ जा रही है। इसके सापेक्ष गीडा में उद्योग लगाने पर ये सब दिक्कतें नहीं आएंगी।- गुफरान अहमद-उद्यमी
गोरखपुर अब सड़क, रेल व हवाई सेवा के मामले में काफी बेहतर हो गया है। कारोबारी माहौल भी सुधरा है, जिससे उद्यमी बेहिचक यहां निवेश करने को आगे बढ़ रहे हैं। कुछ बड़ी कंपनियों के आने से अन्य उद्यमियों का भी हौसला बढ़ा है। अगर दो चार और बड़े उद्यमी गीडा पहुंचे तो बहुत तेजी से परिवर्तन दिखने लगेगा।- आरएन सिंह, अध्यक्ष चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज गोरखपुर।
गीडा में अलग-अलग प्रकार के उद्योग स्थापित कराए जा रहे हैं। इस इलाके में जितनी सस्ती जमीन व मजदूरी है, उतना ही बड़ा बाजार भी है। बड़ी कंपनियां यहां जितना खर्च कर माल भेजने व उसके लिए गोदाम बनाने में खर्च कर रही हैं, उसमें थोड़ी पूंजी और बढ़ाकर यहीं उत्पादन करना शुरू कर देंगी। इससे उन्हें भी फायदा होगा और आम लोगों को भी।- रमाशंकर शुक्ल, अध्यक्ष चैंबर ऑफ गारमेंट्स गोरखपुर।
गीडा सीईओ अनुज मलिक ने कहा कि गीडा में नए-नए उद्योग आ रहे हैं। कई बड़ी कंपनियों से भी निवेश के लिए वार्ता की जा रही है। 18 बड़ी कंपनियों को गीडा के स्थापना दिवस समारोह में आने का न्यौता भेजा गया है, जिसमें से अधिकांश ने आने की सहमति दी है। उनकी मुख्यमंत्री के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। माहौल सकारात्मक है, उम्मीद है कि जल्दी ही कुछ बड़े निवेशक भी गीडा आएंगे।