गोरखपुर। ट्रेनों की तरह अब बसों की भी ऑनलाइन लोकेशन मिल सकेगी। परिवहन विभाग वीटीएस (व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम) के माध्यम से बसों की ट्रैकिंग करेगा। इससे यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन ऑनलाइन मोबाइल पर और बस स्टेशन पर लगे स्क्रीन पर मिल जाएगी। बस स्टेशन में स्क्रीन लगा दी गई है। जल्द ही इसकी शुरुआत हो जाएगी।
पहले चरण में गोरखपुर परिक्षेत्र की 250 एसी और साधारण बसों को इस डिवाइस से जोड़ा जा रहा है। इन बसों की लोकेशन और गतिविधि पर कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जा सकेगी। अप्रैल तक सभी 780 बसों को वीटीएस से जाेड़ा जाएगा। इनके टाइम-टेबिल का मिलान सॉफ्टवेयर से किया जाएगा। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से ये भी पता लग सकेगा कि बस किस रूट पर चल रही है। कहां कितनी देर तक खड़ी रही। फिर इसका मिलान सॉफ्टवेयर से किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि वीटीएस डिवाइस लगाने का काम चल रहा है। जल्द ही सभी बसों की लोकेशन लोगों को मोबाइल फोन पर मिलने लगेगी। इससे उन्हें बसों के लिए बस स्टेशन पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।