- बिजली निगम में विगत दिनों एंटी करप्शन टीम की ओर से हुई कार्रवाई के बाद अधिकारी हुए सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बिजली निगम में विगत दिनों एंटी करप्शन टीम की ओर से कार्यकारी सहायक अभिषेक भारती पर हुई कार्रवाई को लेकर बिजली निगम के अधिकारियों ने भी सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आदेश दिया है कि कार्यालय में लंबे समय तक फाइलें फंसाने वाले कार्यकारी सहायकों पर अब कार्रवाई होगी। लंबे समय से विभिन्न पटलों पर फंसी फाइलों की जानकारी मांगी गई है।
बताया जा रहा है कि फाइल रोकने का सही कारण न बता पाने वाले कार्यकारी सहायकों को चार्जशीट देने की तैयारी है। ज्यादा लापरवाही मिलने पर निलंबन भी हो सकता है। फाइलों को आगे बढ़ाने में देर होने के कारण लोगों का सिस्टम पर भरोसा भी कम हाे रहा है। संदेश यह जा रहा है कि फाइलें जानबूझकर रोकी जा रही हैं। इसके लिए रुपये के लेन-देन के भी आरोप लगते रहते हैं।
इसे देखते हुए तय किया गया है कि लंबे समय से एक ही पटल पर पड़ी फाइलों को गुण-दोष के आधार पर निस्तारित किया जाए। यदि फाइल में कोई कमी है तो इसे वापस किया जाए और सब कुछ सही है तो आगे बढ़ाया जाए। मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि यदि फाइलें लंबे समय से पेंडिंग हैं तो कारणों की जानकारी देनी होगी।