शाहपुर क्षेत्र में रुपया दोगुना करने के चक्कर में लोगों के रुपये डूब गए। इसके बाद पीड़ितों ने एसपी सिटी से मिलकर शिकायत की तो जांच सीओ गोरखनाथ का मिली। सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर कंपनी के तीनों निदेशकों को नोटिस भेजकर शनिवार को ऑफिस में बुलाया गया है, ताकि वह अपना पक्ष रख सकें। अगर नोटिस के बाद भी यह लोग नहीं आते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी से मिलकर मंगलवार को पांच लोगों ने शिकायत की थी। दवा की कंपनी में काम करने वाले शिकायतकर्ता संजय पाठक, किरण विश्वकर्मा, अश्वनी कुमार, नीलम विश्वकर्मा और संतोष पाठक ने एसपी सिटी को बताया कि बशारतपुर में एक कंपनी का ऑफिस आठ साल से संचालित हो रहा था। यहां आरडी और एफडी के नाम पर जालसाजी का खेल चल रहा था।
रुपया जमा करने पर दिया दोगुना का बांड
बांसगांव ग्राम हरिहरपुर निवासी संजय कुमार पाठक ने बताया कि उन्होंने छह लाख जमा किए तो कंपनी ने उन्हें 12 लाख रुपये का बांड दिया। उनकी लालच बढ़ी और पत्नी के नाम से भी 150 लाख रुपये जमा किए तो तीन लाख का बांड मिला।
अन्य पीड़ितों ने गंवाए रुपये
एसपी सिटी को दिए गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि रामजानकी नगर की किरण विश्वकर्मा से दो लाख रुपये और छह लाख का गोल्ड जमा कराकर उन्हें 3.80 लाख का बांड और चेक दिया गया। रामजानकी नगर के अश्वनी कुमार से सात लाख रुपये लेकर दो लाख का बांड और पांच लाख रुपये का चेक कंपनी ने दिया।
वाराणसी की नीलम विश्वकर्मा, जिनका मायका रामजानकी नगर है, उन्होंने 80 हजार रुपये जमा किए थे। आरोप है कि इसके बाद कंपनी फरार हो गई।