मोहद्दीपुर से असुरन चौराहे तक फोरलेन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जून में ओवरब्रिज से लेकर असुरन तक निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। हालांकि, रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अभी विलंब से शुरू होगा।
सड़क चौड़ीकरण से देवरिया और कुशीनगर की तरफ से आने-जाने वालों के लिए मेडिकल कॉलेज की राह आसान हो जाएगी। वहीं असुरन-पिपराइच फोरलेन और पादरी बाजार फोरलेन का भी मोहद्दीपुर तक सीधा जुड़ाव हो जाएगा।
पीडब्ल्यूडी ने मोहद्दीपुर से असुरन चौक तक फोरलेन का निर्माण कराने का इस्टीमेट बनाया था। करीब ढाई किलोमीटर लंबे फोरलेन के निर्माण पर 1035 करोड़ की लागत आएगी। इसमें सबसे अधिक खर्च निर्माण की जद में आ रही पूर्वोत्तर रेलवे की जमीन और मकान को लेकर है।
सड़क के दोनों तरफ नाले का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य से पहले मकानों को तोड़ने, बिजली के तार-पोल हटाने और पेड़ों की कटाई का काम होगा। इस रास्ते पर ओवरब्रिज से लेकर असुरन चौराहे तक दोनों तरफ नए व पुराने पेड़ हैं।
निर्माण से जुड़े अफसर ने बताया कि रेलवे के 12 मकानों को तोड़ा जाना है, इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं रेलवे के अफसर ने बताया कि जिन मकानों को तोड़ा जाना है, उनमें से कई जर्जर हो चुके हैं। कर्मचारियों को उनके बदले दूसरे मकान आवंटित किए जा रहे हैं।
कुशीनगर-देवरिया रोड के लोगों को होगी सहूलियत
मोहद्दीपुर चौराहे से चार फाटक ओवरब्रिज होते हुए असुरन चौराहे तक जाने वाली सड़क देवरिया-कुशीनगर मार्ग के बिछिया, मोहद्दीपुर, खोराबार, एयरफोर्स आदि क्षेत्रों से मेडिकल कॉलेज जाने के लिए सबसे सुगम मार्ग है।
असुरन से मेडिकल कॉलेज फोरलेन और कौवाबाग पुलिस चौकी से पादरी बाजार हो हुए बरगदवा फोरलेन निर्माण होने से असुरन-मोहद्दीपुर मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। कौवाबाग पुलिस चौकी के सामने अक्सर जाम की नौबत आ जाती है।
अब असुरन चौराहे से पादरी बाजार होते हुए पिपराइच तक फोरलेन का प्रस्ताव होने के बाद इस सड़क पर दबाव और बढ़ेगा। इस सड़क के निर्माण मेडिकल कॉलेज रोड पर जाने वालाें के लिए यह सबसे आसान विकल्प होगा।