कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला से छेड़खानी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोस के युवक ने विरोध करने पर पीड़िता के भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक की नाक और कान दांत से काटकर घायल कर दिया गया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर यौन उत्पीड़न समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, मोहल्ले का रहने वाला हिमांशु गुप्ता रविवार की शाम उनके घर पहुंचा और घर की महिला के साथ छेड़खानी करने लगा।
आरोप है कि उसने महिला के साथ बैड टच किया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने हमला कर दिया। इस दौरान उसने पीड़िता के छोटे भाई को निशाना बनाते हुए दांत से उसकी नाक और कान काट दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि घटना के बाद हिमांशु ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, ताकि उसके खिलाफ कोई साक्ष्य न बच सके। विरोध करने पर उसने घर का सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार वह बच निकलता है।
बाहर आने के बाद वह दोबारा हमला करने और जान से मारने की धमकी भी देता है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी की हरकतों से पूरा मोहल्ला परेशान है और कई लोग उसके खिलाफ गवाही देने को तैयार हैं। लोगों ने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर यौन उत्पीड़न समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।