गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज से लापता एक माह की नवजात काव्या का चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी पता नहीं चल सका। पुलिस अब मेडिकल कॉलेज से रोडवेज और रेलवे स्टेशन तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही उस ऑटो की पहचान करने में जुटी है, जिससे बच्ची की मां रोशनी मेडिकल कॉलेज से रोडवेज पहुंची थी। पुलिस ने रोशनी के परिजन को भी बुलाकर पूछताछ की है।
बच्ची की तलाश में एंटी थेफ्ट टीम बुधवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में कैंसर विभाग के पास झाड़ियों में घंटों तलाशी ले चुकी है। इससे पहले डस्टबिन और कूड़ेदानों की भी जांच की गई थी। रेलवे और बस स्टेशन पर भी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बच्ची के पिता राममनोहर के अनुसार, रोशनी सुबह 9:01 बजे मेडिकल कॉलेज से निकलकर रोडवेज गई थी। करीब एक घंटे बाद वापस लौटी। फिर धर्मशाला होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंची और फोन कर पति को बुलाया। पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है, जिनसे रोशनी ने फोन पर बातचीत की थी। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और महिला के बयान के आधार पर जांच की जा रही है।