गोरखपुर। एम्स में इलाज करा रहे मरीजों और उनके तीमारदारों को अब ब्लड जांच की रिपोर्ट लेने के लिए पैथोलॉजी विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एम्स की ओर से जांच रिपोर्ट की पीडीएफ अब संस्थान के ऐप पर उपलब्ध कराई जा रही है। मरीज या तीमारदार ऐप पर जाकर रिपोर्ट डाउनलोड कर सकते हैं और उसे संबंधित चिकित्सक को दिखा सकते हैं।
कार्यकारी निदेशक डाॅ. विभा दत्ता ने बताया कि मरीजों को रिपोर्ट डाउनलोड करने की प्रक्रिया समझाने के लिए एम्स परिसर में लगे टेलीविजन स्क्रीन का भी सहारा लिया जा रहा है। स्क्रीन पर चरणबद्ध तरीके से ऐप खोलने, जांच रिपोर्ट देखने और उसे डाउनलोड करने की जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। इससे मरीजों को रिपोर्ट के लिए विभाग में जाने की जरूरत नहीं होगी और समय की भी बचत होगी।