डिप्टी रजिस्ट्रार व रजिस्ट्रार की टेबल पर निस्तारित हुईं 128 फाइलें
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में साल के पहले दिन किसी टेबल पर कोई पुरानी अनिस्तारित फाइल नहीं मिली। डिप्टी रजिस्ट्रार व रजिस्ट्रार की टेबल पर 128 फाइलें निस्तारित हुईं।
साल के अंतिम दिन जीरो फाइल टेबल वाला संस्थान बनाने के लक्ष्य को पाने के लिए रविवार को विश्वविद्यालय का कार्यालय संचालित हुआ और डिप्टी रजिस्ट्रार व रजिस्ट्रार स्तर पर 128 फाइलें निस्तारित की गईं। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रदीप कुमार राव ने बताया कि 25 दिसंबर को कुलपति मेजर जनरल डा. अतुल वाजपेयी ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को 30 दिसंबर तक अपने टेबल की सारी फाइलें निस्तारित करने का लक्ष्य दिया था। 30 दिसंबर तक डिप्टी रजिस्ट्रार व रजिस्ट्रार स्तर पर निस्तारण के लिए 128 फाइलें रह गईं, जिन्हें 31 दिसंबर रविवार को कार्यालय खोलकर निस्तारित कर दिया गया।