- खजनी के बरडांड़ गांव में शराब पीने से मना करने पर बेटे ने की थी हत्या, फरार
- दो बेटे नहीं आए, जिस वजह से नहीं दर्ज हो पाया केस, भतीजे ने दाह संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
उनवल (गोरखपुर)। खजनी थाना क्षेत्र के बरडांड़ गांव में सोमवार रात 12 बजे शराब पीने से मना करने पर मां की हत्या करने के आरोपी बेटे का सुराग पुलिस नहीं लगा सकी। वहीं, हमले में घायल पिता का उपचार चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दोनों बेटों के न आने की वजह से किसी ने थाने में तहरीर नहीं दी है, जिस वजह से केस दर्ज नहीं हो सका है। हालांकि, पुलिस की टीमें तलाश में लगी है। महिला के भतीजे ने दाह संस्कार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बरडांड़ गांव निवासी रामकेवल (62), पत्नी परमा देवी (58) पर तीसरे नंबर का बेटा महेश ने हमला किया था, जिसमें मां की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रह है कि महेश के हाथ में एक बोतल और शराब थी।
यह देखकर पिता रामकेवल ने उसे डांट दिया। इसी बात पर विवाद हो गया और महेश ने लाठी से पिता पर हमला करने लगा। शोर सुनकर परमा देवी पति को बचाने आईं तो उनके सिर पर डंडे से हमला कर फरार हो गया।
उसकी तलाश में तभी से पुलिस लगी है, लेकिन सुराग नहीं लग पाया। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
...........
कोट
बेटा अक्सर मां-बाप से विवाद करता था। सोमवार की रात उसने मां-बाप पर हमला कर दिया। चोट लगने से आरोपी की मां की मौत हो गई। पिता को भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में जुटी है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अरुण कुमार सिंह, एसपी साउथ