बेलघाट के गांवों में पहुंचकर डब्ल्यूएचओ की टीम के साथ देखा पोलियो अभियान का हाल
3 जुलाई तक चलेगा डोर-टू-डोर अभियान
गोरखपुर। जिले में चल रहे सघन पल्स पोलियो अभियान का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने वृहस्पतिवार को बेलघाट ब्लॉक के ढेकूनाथ और चउतरा गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम भी मौजूद रही।
सीएमओ ने घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने वाली टीमों के कार्यों का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी टीमों को निर्देश दिया कि हर घर तक पहुंचें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दो बूंद पीने से वंचित न रहे। जनपद में पांच वर्ष तक के 6,38,065 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1848 टीमें लगाई गई हैं जो घर-घर भ्रमण कर रहीं हैं।1 जुलाई तक 4,52,474 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी है। सीएमओ ने बताया कि घर-घर अभियान 3 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए 6 जुलाई को बी-टीम की गतिविधि संचालित की जाएगी, जिससे जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।