परिषदीय विद्यालयों की कक्षा आठ में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के दौरान एक हजार रुपये प्रति माह की स्कालरशिप हासिल करने का मौका है। आवेदन वही विद्यार्थी कर सकते हैं जिनके माता-पिता की वार्षिक आय 1.5 लाख रुपये से कम है। यही नहीं उन्होंने सातवीं कक्षा 55 फीसदी अंक से पास की हो। ऐसे विद्यार्थी शासन स्तर से आयोजित होने वाली राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा को उत्तीर्ण करके स्कालरशिप प्राप्त कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी 10 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन (
http://entdata.in/) कर सकते हैं।
इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 26 अक्तूबर से शुरू हो गया है। 13 दिसंबर को परीक्षा का आयोजन होगा। एससी और एसटी संवर्ग के विद्यार्थियों को कुल प्राप्तांक में पांच प्रतिशत की छूट है। परीक्षा में उत्तर प्रदेश के लिए 15143 सीटें आवंटित हैं। जागरूकता के अभाव में उतने आवेदन नहीं आते हैं।
गोरखपुर जिले में दो साल पहले परीक्षा के लिए बमुश्किल 100 आवेदन फार्म भरे जाते रहे हैं। विभाग ने स्थिति सुधारने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। दो साल बाद आवेदन की संख्या 400 को पार कर गई है। मगर ऐसा जनपद जहां 850 पूर्व माध्यमिक विद्यालय हैं और पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या 25 हजार से अधिक है, वहां से 400 विद्यार्थियों का आवेदन करना भी सवाल खड़े करता है।