गोरखपुर। खोराबार के ग्राम भैसाहा निवासी हरीश गुप्ता ने जमीन दिखा कर बांसगांव निवासी अजीत सिंह से नौ लाख रुपये ले लिया और फिर तय मूल्य से मुकर गया। एडवांस के रुपये वापस मांगने पर गाली देने के साथ ही जान से मरने की धमकी देने लगा। सोमवार को अजीत ने एम्स थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक, अजीत ने दी तहरीर में लिखा है कि उसके साले प्रवीण सिंह थाना मदनपुर, देवरिया एसएसबी में हेड कांस्टेबल हैं और अररिया बिहार में तैनात हैं। उनको मकान बनवाने के लिए पांच डिसमिल जमीन की तलाश थी। इसलिए प्रवीण ने अपने जीजा अजीत को जमीन तलाश करने के लिए कहा। अजीत की मुलाकात हरीश गुप्ता से हुई।
हरीश ने अपनी जमीन ग्राम तकिया मेदनीपुर में दिखाई जो उसी के नाम थी, जिसका उसने कागज भी दिखाया। जमीन पसंद आने पर पांच डिसमिल जमीन की कीमत 25 लाख में तय हुई। अजीत और उसके साले प्रवीण ने नौ लाख एडवांस के तौर पर दिए और जमीन पर चहारदीवारी करवा कर बाकी की रकम बैनामा के समय देना तय हुआ।
रुपये की व्यवस्था करने के बाद जब बैनामा करवाने की बात आई तो हरीश जमीन की तय कीमत से पांच लाख ज्यादा मांगने लगा। तब अजीत ने अपने एडवांस रुपये लौटने की बात कही। हरीश ने कुछ दिनों में लौटने को कहा था, लेकिन फिर आज कल कह कर टालता रहा।
काफी समय बीत जाने पर जब दबाव बनाया तो हरीश धमकी देने लगा और रुपये देने से इंकार कर दिया। साथ ही जमीन पर कराई गई चहारदीवारी भी तोड़ दी। पुलिस ने हरीश गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया है।