गोरखपुर जिले में पहली बार नौ संक्रमितों की मौत हुई है। इसके बाद से हड़कंप मच गया है। इनमें तीन की मौत लखनऊ, एक बीआरडी, एक 100 बेड टीबी अस्पताल, एक की मौत बस्ती, एक जिला अस्पताल और एक की मौत निजी अस्पताल में हुई है। इसके बाद से मौत का आंकड़ा 122 पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक माया बाजार के रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग एसपीजीआई में कोरोना संक्रमित होने के बाद भर्ती थे। इलाज के दौरान 25 अगस्त को उनकी मौत हो गई। पीपीगंज की रहने वाली 76 वर्षीय महिला की मौत भी एसपीजीआई में इलाज के दौरान 25 अगस्त को हुई है।
बताया जाता है कि दोनों मरीजों को शुगर सहित अन्य बीमारियां पहले से थी। इनके अलावा गुलहरिया के रहने वाले 26 साल के युवक की मौत केजीएमयू लखनऊ में इलाज के दौरान 25 अगस्त को हुई है। सहजनवां के हरपुर का रहने वाला 48 साल के एक व्यक्ति की मौत बस्ती जिला अस्पताल में हुई है।
वहीं, राजीवनगर के रहने वाले 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत एंबुलेंस में ही हो 22 अगस्त को हो गई थी। लेकिन विभाग के पोर्टल पर इसका डाटा बुधवार को अपलोड किया गया है। बिछिया कॉलोनी की रहने वाली 35 वर्षीय महिला की मौत रेलवे अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है।
हुमायुंपुर के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत निजी अस्पताल में हुई है। इनकी जांच भी निजी लैब से कराई गई थी। शहर की रहने वाली 50 वर्षीय मुन्नी देवी की मौत बीआरडी में बुधवार को हुई है। ज्ञानपुरम मोहल्ले के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत टीबी अस्पताल में हुई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने की है।