संतकबीरनगर जिले के बेलहर क्षेत्र के लोहरौली के पास रमजितवा नाले पर बने पुल के नीचे पानी में नवजात का शव मिला। सूचना पर आस-पास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लोहरौली निवासी राम प्रकाश दूबे पुत्र सर्वजीत ने बताया कि पिपरा प्रथम- सेमरियावां मार्ग पर स्थित रमजितवा नाले पर बने पुल के नीचे पानी में नवजात का शव दिखाई दिया। नवजात के शव मिलने की खबर पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बेलहर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को नाले से बाहर निकलवाया।
घटना को लेकर लोग तरह- तरह की चर्चा कर रहे हैं। मौके पर जुटी भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने कहा कि मां ने लोक-लज्जा के कारण बच्चे को यहां फेंका होगा जिससे इसकी मौत हो गई। जबकि कुछ लोगों का कहना था कि नवजात की मौत के बाद लाकर यहां फेंका गया होगा।
एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात रमजितवा पुल के नीचे अज्ञात नवजात का शव मिला। नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वैसे नवजात शव किसका है, अभी तक जानकारी नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।