कैंपियरगंज। क्षेत्र के लोहरपुरवा गांव के कोइरीपुरवा टोला में मंगलवार को सड़क किनारे झाड़ी में नवजात बच्ची मिलने से इलाके में चर्चा फैल गई। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराई। इसके बाद उसे गोरखपुर विश्वविद्यालय के पास स्थित चाइल्ड केयर सेंटर पहुंचा दिया गया।
बताया गया कि मंगलवार को कोइरीपुरवा टोला में सड़क किनारे झाड़ी से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने आसपास देखा तो झाड़ी में नवजात बच्ची मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर महिला एसआई स्नेहलता और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर अपने संरक्षण में लिया। प्रारंभिक तौर पर बच्ची के कुछ घंटे पहले जन्म लेने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने बच्ची को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्वास्थ्य की जांच कराई गई। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उसे गोरखपुर स्थित चाइल्ड केयर सेंटर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची को झाड़ी में छोड़ने की परिस्थितियों के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाने के साथ ही आस पास के अस्पतालों का पूछताछ भी की जा रही है। जिससे कि बच्चे के परिजन तक पहुंचा जा सके।