गोरखपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा को लेकर नई व्यवस्था की गई है। उत्तर पुस्तिका के हर पन्ने पर अनुक्रमांक लिखना अनिवार्य होगा।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में नकल और उत्तर पुस्तिकाओं की हेराफेरी रोकने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पन्ने पर अपना अनुक्रमांक और कॉपी नंबर लिखना अनिवार्य होगा। पहले केवल अंतिम पन्ने पर लिखना होता था। नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिका के हर पृष्ठ पर अनुक्रमांक और कॉपी नंबर लिखवाने की जिम्मेदारी कक्ष निरीक्षकों की होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी पन्नों पर सही ढंग से विवरण अंकित हो। परीक्षार्थी प्रश्नपत्र मिलने से पहले उत्तर पुस्तिका पर कुछ भी न लिखें। उत्तर पुस्तिका के दोनों ओर उत्तर लिखने की अनुमति होगी। रफ कार्य, आवश्यक गणनाएं या प्रारूप उत्तर पुस्तिका के कवर पृष्ठ के पीछे या किसी अन्य रिक्त पृष्ठ पर की जा सकती हैं। ऐसे पृष्ठों पर रफ लिखकर काटना अनिवार्य होगा, ताकि मूल्यांकन के दौरान कोई भ्रम न हो।
जिले में इस बार कुल 1,31,576 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए जिले भर में 197 केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 67,452 और इंटर के 64,124 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।