- 74 घरों को कनेक्शन देकर दी पाइपलाइन से पानी की सुविधा
गोरखपुर। विरासत गलियारा चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसमें थवई पुल से अलीनगर तिराहा तक पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए दोनों ओर नई पाइपलाइन बिछा दी गई है। इस कार्य के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में रहने वाले 74 घरों को पेयजल कनेक्शन प्रदान कर जलापूर्ति सुचारु रूप से शुरू कर दी गई है।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि पुरानी पाइपलाइन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे बार-बार होने वाली लीकेज और जलापूर्ति बाधित होने की समस्या से अब निजात मिल गई है। नई पाइपलाइन के चालू होने के बाद वर्तमान में उस मार्ग पर कहीं भी लीकेज की समस्या नहीं है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों को अब नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनकी दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो पा रही हैं। आगे भी पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे कार्य जारी रहेंगे। विरासत गलियारे में अब पाइपलाइन की वजह से गड्ढों में पानी नहीं भर रहा है।