गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में अब ब्लड जांच रिपोर्ट सीधे मरीजों के मोबाइल पर भेजी जा रही है। जांच पूरी होते ही पंजीकृत मोबाइल नंबर पर और एबीडीएम मैसेज के जरिये पीडीएफ रिपोर्ट मिल रही है। इससे मरीजों और तीमारदारों को पैथोलॉजी के चक्कर लगाने से राहत मिली है।
पिछले एक सप्ताह से यह सुविधा शुरू हुई। ओपीडी में आने वाले हजारों मरीज इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं और करीब 70 प्रतिशत मरीजों को डिजिटल रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा रही है। इस सुविधा का लाभ उन मरीजों को नहीं मिल पा रहा है जिनका मोबाइल छोटा है या उनमें पीडीएफ डाउनलोड नहीं होता है।
जिला अस्पताल में तीन दिन पहले पेट की जांच कराने आए भगत चौराहा निवासी मोहन ने बताया कि जांच के थोड़ी देर बाद ही मोबाइल पर रिपोर्ट मिल गई। वहीं जगतबेला निवासी रमेश यादव ने बताया जांच रिपोर्ट जैसी ही मिली डॉक्टर को तुरंत दिखाने में आसानी हुई। इस संबंध में जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. आरपी गौतम ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। इससे मरीजों को लाभ मिल रहा है।