गोरखपुर। बदलते दौर में रोजगार को लेकर संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में संबंधित पाठ्यक्रमों की मांग तेजी से बढ़ी है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय सत्र 2026-27 में 11 नए पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में भी तीन नए कोर्स संचालित किए जाएंगे।
डीडीयू के प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि नए सत्र में बीसीए (एआई एंड मशीन लर्निंग), बीटेक (एआई एंड डाटा साइंस), एमफार्म (फार्मास्युटिक्स), एमफार्म (फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री), पीजी डिप्लोमा इन पॉलिटिकल लीडरशिप, पीजी डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन, सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन हाॅस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन कम्युनिकेटिव इंगलिश, एमएससी (फॉरेंसिक साइंस), बीएससी कंप्यूटर साइंस, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी और पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान में पीजी डिप्लोमा कोर्स का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा बीएससी बायोटेक्नोलॉजी को केंद्र में रखकर बायो ग्रुप और कंप्यूटर साइंस को केंद्र में रखकर मैथ ग्रुप में अलग-अलग सेक्शन भी होंगे।
एमएमएमयूटी के पीजी प्रवेश समन्वयक प्रो. जीऊत सिंह ने बताया कि फार्मेसी में दो नए कोर्स एमफार्म (फार्मास्युटिक्स), एमफार्म (फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री) का संचालन नए सत्र से किया जाएगा। इसके अलावा एमटेक (एविओनिक्स) का कोर्स शुरू किया जा रहा है, जिसमें फॉरेंसिक साइंस, सेटेलाइट एविओनिक्स, स्पेस रोबोटिक्स आदि की विशेषज्ञता प्रदान की जाएगी।
इस संबंध में गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि छात्रहित में रोजगारपरक नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में व्यापक संभावनाओं को देखते हुए वर्तमान सत्र से ही इन कोर्स के संचालन का निर्णय लिया गया है। इन कोर्स के संचालन से यहां के विद्यार्थियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।