गोरखपुर। सिक्सलेन फ्लाईओवर केवल एक यातायात परियोजना नहीं बल्कि पूर्वांचल की आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन का नया अध्याय है। लगभग 429 करोड़ रुपये की इस परियोजना से आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम होगा, जिससे परिवहन लागत एवं समय में कमी आएगी।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के वरिष्ठ सहायक आचार्य डॉ. राजू कुमार गुप्ता बताते है कि अनुमान है कि अगले कुछ वर्षों में 10,000 से 20,000 नए रोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं। इस परियोजना को अगर औद्योगिक निवेश, कौशल विकास और सुव्यवस्थित शहरी नियोजन से जोड़ा जाए तो गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक, औद्योगिक और लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में उभरकर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश आकर्षित होगा। नए व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित होंगे व एमएसएमई, परिवहन, वेयरहाउसिंग, पर्यटन, होटल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। विभिन्न आर्थिक अध्ययनों के अनुसार, इस स्तर की अवसंरचना परियोजनाएं निर्माण एवं संचालन चरण में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार सृजित करने की क्षमता रखती हैं।