कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को लौटाने के मामले की जांच तेज
गोरखपुर। वीआईपी कोटे से कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को रेलवे स्टेशन से वापस करने के मामले की जांच तेज हो गई है। इस मामले में लखनऊ मंडल प्रशासन ने स्टेशन पर तैैनात एक रेलकर्मी को तलब किया है।
बीते सोमवार को गोरखपुर-यशवंतपुर स्पेशल के आठ यात्रियों को स्टेशन से टिकट परीक्षकों ने वापस कर दिया था। कामगार यात्रियों के ये टिकट रेलवे बोर्ड के निर्देश पर कंफर्म हुए थे। यात्रियों ने इसकी शिकायत कंपनी मालिक से कर दी। जानकारी के मुताबिक, यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन से संबंधित रेलकर्मियों की फोटो खींचकर रेलमंत्री को ट्वीट कर दिया। उधर, रेल प्रशासन ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एक रेलकर्मी को लखनऊ मंडल कार्यालय बुुलाया गया है। इस मामले में कई अन्य रेलकर्मियों से भी पूछताछ हो सकती है।
खराब है सीसी टीवी कैमरा
रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार और जहां से यात्रियों को वापस किया गया, वहां लगा सीसी टीवी कैमरा खराब है। अब यात्रियों द्वारा अपने मोबाइल फोन से ली गई फोटो से ही रेलकर्मी की पहचान हो सकती है।