पिछले महीने कुशीनदर जिले के दुदही व खड्डा क्षेत्र में मिले जीपीएस लगे गिद्ध वापस नेपाल के चितवन प्राणी उद्यान पहुंचने लगे हैं। इनमे से खड्डा क्षेत्र में मिला सी-7 गिद्ध 300 किलोमीटर की उड़ान भरकर नेपाल के चितवन प्राणी उद्यान में अपने परिजनों के पास पहुंच गया, जबकि दूसरा अभी रास्ते में है।
इस पक्षी के अपने समूह में पहुचने पर रेंजर ने हर्ष व्यक्त किया है। बीते एक मई को खड्डा क्षेत्र के गंडक दियारा के गांव शाहपुर में ग्रामीणों ने जीपीएस लगा हुआ गिद्ध पाया था। इसको वन विभाग ने कब्जे में लेकर इलाज कराया था। बाद में डीएफओ वीसी ब्रह्मा की अगुआई में टीम ने उसे सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य के अर्जुनही वन क्षेत्र में छोड़ा था।
इसके पुर्व जनपद के दुदही क्षेत्र में मिले सी-3 गिद्ध को भी अर्जुनही जंगल में छोड़ा गया था। वन विभाग के मुताबिक यह पक्षी भटकते हुए सीतापुर जनपद क्षेत्र में पहुंच गया था। यहां से छोड़ने के बाद वह अभी नेपाल पहुंचने के रास्ते में है। उसपर नजर रखी जा रही है।
मालूम हो कि जनपद में जीपीएस लगे गिद्ध के मिलने के बाद अफवाहों का बाजार गर्म हो गया था। खड्डा रेंजर बीके यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि सी-7 ने अच्छी तरह उड़ान भरा और नेपाल के चितवन प्राणी उद्यान स्थित गिद्ध संवर्धन केंद्र के अपने कुनबे में सुरक्षित पहुंच गया है। जीपीएस के सहारे उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसकी पुष्टि चितवन केंद्र के वैज्ञानिक कृष्णा घोषाल ने कर दी है।