काठमांडू के दशरथ स्टेडियम में हुए भव्य समारोह के बीच बुधवार शाम राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने नेपाल भ्रमण वर्ष 2020 का औपचारिक शुभारंभ किया।
समारोह में संस्कृति पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री योगेश भट्टराई ने नेपाल भ्रमण के लिए पर्यटकों से आने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेपाल प्रकृति की अनुपम कृति है, यहां के अनुपम और अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य का मजा लेने के लिए नेपाल आएं और जीवन भर की अनुपम याद लेकर जाएं।
सरकार ने भ्रमण वर्ष की अवधि में 20 लाख विदेशी पर्यटकों का नेपाल में स्वागत करने का लक्ष्य तय किया है, जबकि 2018 में 12 लाख विदेशी पर्यटकों ने नेपाल भ्रमण किया था ।
इससे पहले सरकार ने सन 1998 में नेपाल भ्रमण वर्ष मना कर 5 लाख विदेशी पर्यटकों के स्वागत का लक्ष्य रखकर प्रबंधनात्मक प्रचार किया था। इसी तरह 2011 में भ्रमण बर्ष मनाकर 10 लाख पर्यटकों को नेपाल लाने का लक्ष्य लिया गया था, लेकिन यह लक्ष्य 7 वर्ष बाद सन 2017 में पूरा हुआ था। सन 2017 में 10 लाख पर्यटकों ने नेपाल भ्रमण किया था।